सागर क्षत्रिय महासभा जिला सागर के संरक्षक मंडल की बैठक दांगी क्षत्रिय शासकों की विरासत गढ़पहरा किले के प्रांगण में संपन्न हुई। बैठक में जिला कार्यकारिणी के गठन क्षत्रिय महासभा की महिला शाखा के गठन और क्षत्रिय समाज के भवन सह छात्रावास के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के आरंभ में क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष लखन सिंह बामोरा ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत करते हुए बिंदुवार चर्चा का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय महासभा की संरचना को विस्तार देने के लिए जिला कार्यकारिणी, महिला शाखा और पंचायत स्तर तक की संरचना का गठन किया जाना है। उन्होंने क्षत्रिय समाज के भवन निर्माण और छात्रावास निर्माण हेतु संकलित राशि का ब्यौरा बैठक में रखा। उन्होंने बताया कि भवन परिसर की बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य 15/20 दिनों में हो जाएगा तब इस परिसर में क्षत्रिय समाज के पूर्वजों की स्मृति में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जुलाई माह तक छात्रावास का निर्माण कार्य पूर्ण होने की संभावना है जिसमें छात्राओं की निःशुल्क आवासीय व्यवस्था के साथ शिक्षा आरंभ हो सकेगी। इसमें समाज की बेटियों के लिए निःशुल्क कोचिंग और भोजन व्यवस्था पूर्व गृहमंत्री,विधायक भूपेन्द्र सिंह की ओर से की जाएगी।बैठक में तय किया गया कि क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष ब्लाक और तहसील स्तर पर समाज के वरिष्ठजनों से चर्चा कर नामों का पैनल बनाते हुए जिला कार्यकारिणी, ब्लाक समितियों तथा पंचायत समितियों का गठन करेंगे।
0 Comments