सागर. डॉ हरीसिंह गौर जयंती के उपलक्ष्य पर खेल कूद गतिविधियों में दूसरे दिन एडवोकेट एकादश एवं एमपीईबी एकादश के बीच क्रिकेट मैच खेला गया. इस टी -20 मैत्री क्रिकेट मैच में एमपीईबी एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 161 रन बनाए. टीम के बल्लेबाज अवनीश और द्रगपाल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. अवनीश ने 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 60 रन बनाए, जबकि द्रगपाल ने 5 चौकों और 2 छक्कों के साथ 36 रनों का योगदान दिया. भूपेंद्र ने भी 2 चौकों की मदद से 24 रन जोड़े. अधिवक्ता एकादश के गेंदबाजों में प्रणव और मनोज ने 2-2 विकेट लिए जबकि देवांशु ने 1 विकेट झटका. लक्ष्य का पीछा करने उतरी अधिवक्ता एकादश की शुरुआत अच्छी रही. टीम के स्टार बल्लेबाज प्रवीण ने 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 88 रनों की दमदार पारी खेली. उनकी इस पारी ने टीम की जीत को सुनिश्चित किया. 5 गेंद शेष रहते अधिवक्ता एकादश ने लक्ष्य हासिल कर लिया. एमपीईबी एकादश के गेंदबाजों में अवनीश ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए. प्रवीण को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया.
0 Comments