सीहोर। हर साल की तरह इस साल भी जिला मुख्यालय के समीपस्थ चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर एवं कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में गुड़ी पड़वा हिंदू नववर्ष के शुभ अवसर पर भंडारे के साथ करीब तीन क्विंटल से अधिक शुद्ध घी की चक्की का भोग लगाकर प्रसादी का वितरण किया गया। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा धाम पर पहुंचे थे और उसके पश्चात शाम को बाबा की आरती में शामिल रहे। धाम पर पंडित श्री मिश्रा के मार्गदर्शन में नियमित रूप से निशुल्क रूप से रुद्राक्ष का वितरण किया जा रहा है। इस मौके पर विठलेश सेवा समिति की ओर से पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला आदि ने यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की वितरण व्यवस्था संभाली। रविवार को कुबेरेश्वरधाम पर प्रतिवर्ष अनुसार सुबह यहां पर नववर्ष के पहले दिन हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने कंकर-शंकर की पूजा अर्चना की। गुड़ी पड़वा हिंदू नववर्ष का पहला दिन होता है। यह चैत्र मास की शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाता है। गुड़ी पड़वा विजय पताका का प्रतीक है। गुड़ी पड़वा सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि यह नए संकल्प, नई ऊर्जा और नई शुरुआत का उत्सव है। यह हमें सिखाता है कि हर कठिनाई के बाद जीवन में उजाला आता है।
0 Comments