सागर की मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी चलती रही। नगर पालिका का अतिक्रमण विरोधी दस्ता बंडा रोड पर पहुंचा। जहां अमले ने सड़क के दोनों ओर दुकानदारों के अतिक्रमण को हटाया।इस दौरान दुकानों के बाहर लगे पेवर ब्लॉक, नालियों पर किया गया पक्का निर्माण समेत निर्माणाधीन अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया गया। दुकानदारों ने कार्रवाई पर आपत्ति ली। लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने किसी की एक नहीं सुनी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई शुरू करने से पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए थे, इसके बाद ही कार्रवाई की जा रही है।दरअसल, मकरोनिया चौराहे से बंडा रोड और नरसिंहपुर रोड पर सड़क के दोनों और अतिक्रमण किया गया है। जिस कारण सड़क पर यातायात बाधित होता है। साथ ही दुर्घटनाएं होने का खतरा बना रहता है। अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही थी। इसी के चलते कलेक्टर ने अतिक्रमण पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नगर पालिका अमले ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।अधिकारी और पुलिस बल रहा मौजूद
कार्रवाई के दौरान मौके पर तहसीलदार ऋतु राय, नगर पालिका मकरोनिया सीएमओ पवन शर्मा, मकरोनिया थाना प्रभारी समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा। ताकि कार्रवाई में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो सके। पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने सड़कों के किनारे का अतिक्रमण जेसीबी की मदद से तोड़कर हटा दिया है।
0 Comments