सागर.डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर भारतीय सेना के अग्निवीरों को रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम प्रदान करने की दिशा में तत्परता से कार्य कर रहा है. विश्वविद्यालय के कम्युनिटी कॉलेज में संचालित 491 अग्निवीरों ने प्रवेश लिया था जिनकी परीक्षा संपन्न कराकर परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है. सर्टिफिकेट कोर्स इन प्रोफेशनल कम्युनिकेशन में 320 अग्निवीरों ने प्रवेश लिया था जिनमें से 306 अग्निवीरों ने सफलतापूर्वक पाठ्यक्रम पूर्ण कर उत्तीर्ण हुए हैं. सर्टिफिकेट कोर्स इन इंटरप्रेन्योरशिप में 171 अग्निवीरों ने प्रवेश लिया था जिसमें 166 अग्निवीरों ने सफलतापूर्वक पाठ्यक्रम पूर्ण किया है. दोनों पाठ्यक्रमों को मिलाकर परीक्षा परिणाम 96.13 प्रतिशत रहा. विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.नीलिमा गुप्ता द्वारा भारतीय सेना के महार रेजीमेंट के अधिकारियों मेजर संदीप और लेफ्टीनेंट कर्नल जी. एस. पाटिल को परीक्षा परिणाम और उनकी अंकसूची सौंपी गई. इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो.नीलिमा गुप्ता ने कहा कि भारतीय सेना की एक इकाई के रूप में महार रेजीमेंट जहां बहादुर एवं कुशल सैनिक तैयार कर रही है वहीं एक विश्वविद्यालय के रूप में हम अपनी भूमिका का निर्वाह करते हुए उन्हें शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं तकनीकी दक्षता के साथ डिग्री प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं ताकि भारतीय सेना के जवान सेवाकालीन समय में भी अपनी शिक्षा जारी रख सकें. कम्युनिटी कॉलेज अग्निवीरों के लिए उपयोगी नए पाठ्यक्रम भी शुरू करने जा रहा है.इसकी अगली कड़ी में दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से भी जवानों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. इसके माध्यम से अग्निवीरों को बेहतर भविष्य के लिये अपनी शैक्षणिक एवं व्यावसयिक योग्यता बढ़ाने में मदद मिलेगी.
0 Comments