खुरई यहां के एतिहासिक किला डोहेला में मकर संक्रांति पर आयोजित होने वाले खुरई महोत्सव की व्यापक तैयारियों को लेकर पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने सभी प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक ली है। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सिंह ने कहा कि 14 से 16 जनवरी तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय खुरई डोहेला महोत्सव में देश के सुप्रसिद्ध सेलिब्रिटी्ज के सांस्कृतिक कार्यक्रम और आर्थिक गतिविधियों में प्रतिदिन लाखों की संख्या में लोग आएंगे अतःइसकी तैयारियां भी व्यापक और फुलप्रूफ होना चाहिए। नगरपालिका सभाकक्ष में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि खुरई किले के प्रांगण में तालाब के बीच 600 साल पुराना मंदिर है। इसमें भगवान शिव जी, श्री राधाकृष्ण जी, भगवान श्री रामेश्वर जी विराजमान हैं। प्राचीन समय से इस सिद्ध क्षेत्र की मान्यता है। किले और डोहेला मंदिर का बड़े ही परिश्रम और बड़ी लागत के साथ संरक्षण और सौंदर्यीकरण किया गया है। यहां प्राचीन समय से चली आ रही मकरसंक्रांति के मेले को कुछ वर्षों से बड़े सांस्कृतिक और व्यापारिक मेले का रूप दिया गया है जो खुरई की विशिष्ट पहचान बन चुका है। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार 14 जनवरी को वॉलीवुड की सुप्रसिद्ध गायिका मोनाली ठाकुर, 15 जनवरी को मोटीवेशनल स्पीकर और कवि कुमार विश्वास, 16 जनवरी को पार्श्व गायक सुखविंदर सिंह की भव्य प्रस्तुतियां होंगी।
0 Comments