सागर. डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के अर्थशास्त्र विभाग में नवाचारी पाठ्यक्रम श्रम अध्ययन में पीजी डिप्लोमा शुरू किया जा रहा है. विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर पर अर्थशास्त्र की पढ़ाई पूर्व से संचालित है लेकिन विशेषज्ञता वाले इस विशेष पाठ्यक्रम को इसी सत्र से संचालित किये जाने की योजना है. गौरतलब है कि अर्थशास्त्र विषय से जुड़े कई क्षेत्रों में विशेषज्ञों की मांग बढ़ी है. विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में पारंपरिक विषयों से जुड़े विशेषज्ञता वाले कौशल की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है. इसी को दृष्टिगत रखते हुए स्पेशलाइजेशन वाले पाठ्यक्रम शुरू किये जा रहे हैं. श्रम अध्ययन विषय आर्थिक क्षेत्रों जैसे बैंकिंग, बैंकिंग, वित्त, बीमा, उद्योग एवं शिक्षा से जुड़े में काफी प्रासंगिक है. निश्चित रूप से यह पाठ्यक्रम कौशल के साथ रोजगार दे पाने में सक्षम होगा. विभागाध्यक्ष प्रो. प्रकाश काम्बले ने बताया कि इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में श्रम अर्थशास्त्र के व्यापक क्षेत्रों में दक्षता विकसित करना, उनमें श्रम बाजार विश्लेषण और व्याख्या से संबंधित कौशल विकसित करना तथा छात्रों को अर्थशास्त्र, उद्योग, सेवाओं और अन्य क्षेत्रों में रोजगार के लिए तैयार करना है. इसमें किसी भी विषय में स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रवेश ले सकते हैं. कुल सीटों की संख्या 30 है जिनमें मेरिट के आधार पर प्रवेश होगा. यह स्ववित्तपोषित पीजी डिप्लोमा है. इस पाठ्यक्रम को करने के बाद विद्यार्थी श्रम अध्ययन के क्षेत्र में ज्ञान और कौशल का उपयोग कर सकेंगे. शीघ्र ही विवि वेबसाईट पर इसकी प्रवेश सूचना जारी की जायेगी.
0 Comments