खुरई में शराब तस्करों ने पुलिसकर्मियों की जान लेने की कोशिश की। चेकिंग के दौरान अवैध शराब ले जा रही एक कार को रोका तो दूसरी कार से उन्हें टक्कर मार दी। 2 कॉन्स्टेबल घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी तीन की तलाश जारी है।मुखबिर से सूचना मिली कि मंडी बामोरा से दो कारों से बड़ी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। इस पर पुलिस हरकत में आई और एक टीम बनाकर ओढ़ामल तिराहा पर भेजी गई कुछ देर बाद एमपी 04 एचए 5797 रजिस्ट्रेशन नंबर वाली संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस ने ड्राइवर को गाड़ी रोकने का इशारा किया। लेकिन ड्राइवर ने स्पीड तेज कर दी। पुलिस ने बैरिकेड्स लगाए तो उसने कार खेत में उतार दी। यहां कार कीचड़ में फंस गई।पुलिस टीम उसकी तरफ लपकी तो पीछे से आ रही दूसरी कार ने उन्हें टक्कर मारी। इसमें कॉन्स्टेबल सतेंद्र निगम और दिनेश राय घायल हो गए। ड्राइवर गाड़ी को भगा ले गया। टीम ने खेत में फंसी कार के ड्राइवर को पकड़ लिया। कार से 50 हजार रुपए की 90 लीटर शराब जब्त की गई है।भागते समय कार सवार लोगों ने पुलिस टीम की बाइक को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।वारदात में घायल कॉन्स्टेबल सतेंद्र निगम और दिनेश राय को प्राथमिक उपचार के बाद सागर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
0 Comments